143 विद्यार्थियों के सपनों को मिले पंख, कट्ठीवाड़ा में हुआ निःशुल्क साइकिल वितरण
कक्षा 6 और 9 के छात्र-छात्राओं को मिली साइकिलें, अतिथियों ने शिक्षा को बताया सफलता की सबसे बड़ी कुंजी
प्रेम गुप्ता
कट्ठीवाड़ा। विकासखंड अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कट्ठीवाड़ा में निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथियों ने माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला जनपद सदस्य भदु (दादा) पचाया ने की। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में आगे बढ़ने का सबसे सशक्त माध्यम शिक्षा है। शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर मेहनत और लगन से पढ़ाई करें तथा अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करें।
भाजपा मंडल अध्यक्ष जयराज सिंह जादव ने कहा कि मुख्यमंत्री की निःशुल्क साइकिल योजना का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों की शिक्षा को आसान बनाना है। साइकिल मिलने से बच्चों का समय बचेगा, विद्यालय तक सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित होगी और पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी।
खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह जादव ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन और उच्च लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी। वहीं खंड स्रोत समन्वयक शैलेंद्र सिंह डावर ने कहा कि साइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि ग्रामीण विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत है।
इस अवसर पर कुल 143 विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। इनमें कक्षा 6 के 51 (36 बालक, 15 बालिकाएं) तथा कक्षा 9 के 92 (64 बालक, 28 बालिकाएं) विद्यार्थी शामिल रहे। साइकिल प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में सरपंच अशोक बारिया, महेंद्र सिंह, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य झेंदु सिंह कनेश, संदीपनी विद्यालय के प्राचार्य अमर सिंह कनेश, खंड अकादमिक समन्वयक दुष्यंत सिंह यादव, जनशिक्षक दिग्विजय सिंह मेवाल, समस्त विद्यालयों का स्टाफ, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मनीष कुमार गुप्ता ने किया, जबकि ओंकार सिंह यादव ने आभार व्यक्त किया।
Continue With Google
Comments (0)