*बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे कौशलेश तिवारी, पीड़ित परिवारों से की मुलाकात*
*एसडीएम से चर्चा कर राहत एवं जल निकासी व्यवस्था तेज करने की मांग*
त्योंथर। त्योंथर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पड़री एवं अंजोरा में भारी बारिश और जलभराव से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अतिवृष्टि के कारण कई घरों, दुकानों और फसलों को नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर घरों में दो से तीन फीट तक पानी भरने से लोगों को रातभर पानी निकालने और गृहस्थी का सामान सुरक्षित करने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
जलभराव के चलते गरीब परिवारों के कच्चे मकान भी क्षतिग्रस्त होकर धराशायी हुए हैं, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने रहने और रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। घरों में रखा अनाज और अन्य घरेलू सामान पानी में भीगकर खराब हो गया।
स्थिति की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं तराई अंचल के समाजसेवी *कौशलेश तिवारी (तिवारी लाल)* ने अंजोरा, पड़री सहित अन्य बाढ़ एवं आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण कर प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद के लिए वे सदैव तैयार हैं।
इसी दौरान नगर पंचायत चाकघाट के वार्ड क्रमांक 13 बघेड़ी में अतिवृष्टि से हुए जलभराव की स्थिति को लेकर भी उन्होंने जानकारी ली। वरिष्ठ भाजपा नेता ने त्योंथर एसडीएम राकेश चौरसिया से मुलाकात कर क्षेत्र में अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जलभराव की समस्या को देखते हुए कुछ समय के लिए डैम से पानी की निकासी रोकने के संबंध में आवश्यक प्रयास करने का अनुरोध किया
*बेघर परिवारों को तत्काल राहत देने की मांग*
कौशलेश तिवारी ने राज्य शासन एवं कलेक्टर रीवा से मांग की है कि बाढ़ एवं अतिवृष्टि से प्रभावित बेघर परिवारों के लिए तत्काल सुरक्षित आश्रय स्थल, भोजन, स्वच्छ पेयजल और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की जाए। उन्होंने क्षतिग्रस्त एवं धराशायी मकानों के प्रभावित परिवारों को राहत कोष से शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
साथ ही प्रभावित किसानों एवं ग्रामीणों की फसल, मकान और घरेलू सामान के नुकसान का उचित सर्वे कराकर बिना प्रशासनिक देरी के नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
Continue With Google