लटेरी नगर में पुलिस ने किया पैदल भ्रमण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

 

लटेरी में सोमवार रात को पुलिस अधिकारियों ने कस्बे व बाजार का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। एसडीओपी, थाना प्रभारी एवं थाना स्टाफ ने प्रमुख मार्गों पर पैदल भ्रमण करते हुए व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग में मौजूद ठेले और दुकानदारों को समझाइश दी गई कि वे अपना सामान निर्धारित एवं व्यवस्थित तरीके से रखें, ताकि चल समारोह और यात्राओं के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों से सड़क एवं मार्ग पर अनावश्यक अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। साथ ही आमजन और वाहन चालकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने को कहा गया। पुलिस ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक सतर्कता बरती। भ्रमण के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य रही। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य कार्यक्रमों के दौरान सुचारु यातायात और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना रहा।