लोनी बांध सूती का बढ़ा जलस्तर, जवा–शंकरगढ़ मुख्य मार्ग जलमग्न

घुटनों तक पानी में जिंदगी का सफर! तेज बहाव के बीच जान जोखिम में डाल रहे राहगीर, हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन?

त्योंथर/रीवा। लोनी बांध सूती में जलस्तर बढ़ने के बाद जवा–शंकरगढ़ मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया है। सड़क पर घुटनों तक पानी भरने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित है। हालात ऐसे हैं कि दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क टूटने की स्थिति बन गई है।
सबसे चिंताजनक तस्वीर यह है कि तेज बहाव के बावजूद राहगीर और दोपहिया वाहन चालक जान जोखिम में डालकर पानी पार कर रहे हैं। पानी की गहराई और बहाव के कारण कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक जवा और शंकरगढ़ को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग रोजाना बड़ी संख्या में लोगों के आवागमन का माध्यम है। सड़क के जलमग्न होने से नौकरी, व्यापार, शिक्षा और रोजमर्रा के कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर बारिश में जलभराव की स्थिति सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जाते। लोगों का आरोप है कि जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं होता, तब तक जिम्मेदार अधिकारी गंभीरता से ध्यान नहीं देते।