आलोट। शासकीय हाईस्कूल लूनी में समग्र शिक्षा अभियान (सेकेंडरी एजुकेशन) एवं लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार उमंग उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस वर्ष उत्सव की थीम “उमंग है तो जिंदगी में रंग है—चुनौतियों से लड़कर सकारात्मक सोच से गढ़ेंगे भविष्य” रखी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम आलोट विवेक सोनकर और अध्यक्ष जनपद पंचायत आलोट के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बलवंत नलवाया की उपस्थिति में हुआ।
विद्यार्थियों ने अतिथियों का तिलक एवं पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। विद्यालय में चल रहे 10 दिवसीय गणेशोत्सव के तहत अतिथियों ने भगवान श्रीगणेश की आरती में भी सहभागिता की। इसके बाद दीप प्रज्वलन, फीता काटने, उमंग कॉर्नर के शुभारंभ तथा उमंग एंथम के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने ‘मेरी पाती’, ‘प्रेरक टॉक’, ‘सच्ची कहानी’, ‘प्रशासनिक अधिकारी संवाद’, ‘सशक्तिकरण स्टेशन’, ‘आकांक्षा वृत्त’, ‘सशक्त आत्मरक्षा’, ‘उज्ज्वल नाटक’, ‘मैं हूं राजा’, ‘कान्हा खुशी खेल’ तथा अंतर-सदन रैपिड फायर क्विज सहित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जीवन कौशल, किशोरावस्था में होने वाले बदलाव, पोषण, आईएफए, नीली गोली, पॉक्सो एक्ट, एचआईवी तथा 1930 एवं 14425 हेल्पलाइन से संबंधित जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई।
सहायता तंत्र एवं लाइव डेमो के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। व्हाट्सऐप चैट बॉक्स और उमंग क्लीनिक से जुड़ने की प्रक्रिया भी समझाई गई। विद्यालय में सजाया गया उमंग कॉर्नर, ‘मेरी पाती’ पेटी और विभिन्न मॉडलों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही।
लक्ष्य निर्धारण जरूरी : एसडीएम सोनकर
मुख्य अतिथि एसडीएम विवेक सोनकर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन को उज्ज्वल बनाने के लिए सबसे पहले लक्ष्य का निर्धारण जरूरी है। इसके बाद प्रतिदिन निरंतर सकारात्मक प्रयास किए जाएं तो जीवन में उमंग का संचार होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को चुनौतियों से घबराने के बजाय सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम अध्यक्ष सीईओ जनपद पंचायत आलोट बलवंत नलवाया ने ग्रामीण क्षेत्र की संस्था में उमंग उत्सव के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आगे बढ़ने की नई चेतना और आत्मविश्वास पैदा करते हैं।
समापन अवसर पर क्विज प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों एवं रोल मॉडल विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। विद्यार्थियों ने सकारात्मक सोच अपनाने, चुनौतियों का डटकर सामना करने तथा लैंगिक समानता बनाए रखने की शपथ ली। उमंग एंथम के सामूहिक गायन और जयघोष से विद्यालय परिसर गूंज उठा।
प्राचार्य अखिलेश कुमार निगम ने कार्यक्रम की गतिविधियों की जानकारी देते हुए स्वागत एवं संचालन किया। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक प्रभुलाल यादव, रजनीश कुमार, कमल सिंह सोलंकी, वर्षा परमार, जुनैद खान तथा परिचालक टीकम सिंह की सक्रिय भूमिका रही। छात्र नेतृत्व में आराधना, कुमार, निर्मला, संध्या, काजल, ललित, पायल, फरहान, कृष्णपाल, दीपक, आयुष, ऋतुराज, पृथ्वीराज, विजयपाल, सूरज, रितेश, आरुषि, कोमल, वर्षा, सुनीता एवं रोशनी सहित विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की। वर्षा परमार ने आभार माना।
शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के रचनात्मक और प्रेरणादायी कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक दृष्टिकोण, जीवन कौशल, सामाजिक जागरूकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Continue With Google