कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ लोटन यात्रा का दूसरा दिन, महाराणा प्रताप बस स्टैंड पर हुआ समापन

 

नगर परिषद की कथित अनियमितताओं और सांदीपनि विद्यालय बस प्रकरण में कार्रवाई की मांग; आज उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के निवास की ओर बढ़ेगी यात्रा

 

मंदसौर/मल्हारगढ़। (संवाददाता मुकेश कुमार जैन)।

नगर परिषद मल्हारगढ़ से जुड़े कथित भ्रष्टाचार, निर्माण कार्यों में अनियमितताओं तथा सांदीपनि विद्यालय मल्हारगढ़ की बसों से संबंधित लंबित प्रकरण में कार्रवाई की मांग को लेकर पत्रकार गोपाल मालेचा द्वारा शुरू की गई आठ दिवसीय लोटन यात्रा दूसरे दिन भी जारी रही। बुधवार को यात्रा का पड़ाव महाराणा प्रताप बस स्टैंड रहा, जहां दूसरे दिन की यात्रा का समापन किया गया।

 

यात्रा के दौरान नगर परिषद से संबंधित कथित अनियमितताओं, निर्माण कार्यों की शिकायतों तथा लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है। यात्रा के आयोजक पत्रकार गोपाल मालेचा का कहना है कि संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए तथा यदि जांच में अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं तो जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

 

सांदीपनि विद्यालय बस प्रकरण भी प्रमुख मुद्दा

 

लोटन यात्रा में सांदीपनि विद्यालय मल्हारगढ़ की बसों से जुड़े प्रकरण को भी प्रमुखता से उठाया जा रहा है। मालेचा के अनुसार, इस मामले में शिकायत किए जाने के बावजूद करीब छह माह से कार्रवाई लंबित है। उनका आरोप है कि विद्यालय से अटैच कुछ बसें विद्यालय परिसर के स्थान पर अन्य जगहों पर खड़ी की जा रही हैं तथा उनके अन्य प्रयोजनों में उपयोग किए जाने की शिकायत है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

 

सुंदरकांड और हनुमान चालीसा पाठ के बाद शुरू हुई यात्रा

 

आठ दिवसीय लोटन यात्रा की शुरुआत 29 सितंबर को मंदसौर के गांधी चौराहे से सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ के बाद की गई थी। यात्रा के माध्यम से प्रशासन को सद्बुद्धि देने तथा दोनों मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई की प्रार्थना की जा रही है। पहले दिन यात्रा पुलिस सहायता केंद्र एवं सरदार पटेल चौराहे तक पहुंची थी। दूसरे दिन भी सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ के बाद यात्रा आगे बढ़ी और महाराणा प्रताप बस स्टैंड पर इसका समापन हुआ।

 

आज उपमुख्यमंत्री देवड़ा के निवास की ओर बढ़ेगी यात्रा

 

गुरुवार सुबह 7 बजे लोटन यात्रा के तीसरे दिन की शुरुआत होगी। यात्रा उपमुख्यमंत्री जगदीश जी देवड़ा के निवास की ओर बढ़ेगी। मालेचा के अनुसार, उपमुख्यमंत्री देवड़ा मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए क्षेत्र में उठाए जा रहे कथित भ्रष्टाचार एवं लंबित मामलों की पूरी वस्तुस्थिति उनके समक्ष शांतिपूर्ण ढंग से रखी जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य किसी प्रकार का विवाद या टकराव उत्पन्न करना नहीं, बल्कि संबंधित मामलों में निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग को प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाना है।

 

आठ दिवसीय लोटन यात्रा के आगामी चरणों में इन मामलों को लेकर क्या कार्रवाई होती है और प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर अब लोगों की नजर बनी हुई है।