मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा जीतू पटवारी के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग निंदनीय – राजकुमार केलू उपाध्याय
प्रदेश में अराजकता के खिलाफ आवाज उठाना कांग्रेस का दायित्व – प्रदेश कांग्रेस महासचिव
इटारसी, 31 मई 2026
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजकुमार केलू उपाध्याय ने जारी बयान में कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के प्रति मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा जिस प्रकार की अभद्र एवं असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया है, वह अत्यंत निंदनीय है।
उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव, जो पूर्व में उच्च शिक्षा मंत्री भी रह चुके हैं, उनके पद की गरिमा के अनुरूप ऐसी भाषा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की भाषा उनके भीतर के भय और राजनीतिक असहजता को दर्शाती है।
राजकुमार केलू उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती अराजकता, कुशासन और जनसमस्याओं के खिलाफ आवाज उठाना कांग्रेस का दायित्व है। किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करना कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बढ़ती ताकत और जनसमर्थन का प्रभाव मुख्यमंत्री के भाषणों में स्पष्ट दिखाई दे रहा है। जिस प्रकार का हल्कापन राजनीतिक संवाद में दिखाई दे रहा है, उसे प्रदेश की जनता गंभीरता से देख रही है।
उपाध्याय ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता पक्ष को आलोचना का सम्मान करना चाहिए। जनता सब कुछ देख और समझ रही है तथा समय आने पर प्रदेश की जनता ही अराजकता और कुशासन का जवाब देगी।
– जारीकर्ता
राजकुमार केलू उपाध्याय
महासचिव, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी