उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार
बरायठा के पूर्व थाना प्रभारी मकसूद अली का नाम चयनित

संवाददाता सतीष सेन
सागर। उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय पुलिस सेवाओं के लिए मध्य प्रदेश पुलिस के प्रतिष्ठित के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार वर्ष 2025 के लिए चयनित अधिकारियों एवं कर्मचारियों में सागर जिले के बरायठा थाने के पूर्व थाना प्रभारी मकसूद अली का नाम शामिल किया गया है। वर्तमान में मकसूद अली विदिशा जिले में पुलिस सेवा में पदस्थ हैं। उनके चयन की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस विभाग सहित क्षेत्र के लोगों में हर्ष का माहौल है।
मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों की घोषणा की गई है। गृह विभाग द्वारा निर्धारित नियमों के तहत विभिन्न श्रेणियों में चयनित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। चयनित 10 अधिकारियों एवं कर्मचारियों में मकसूद अली का नाम भी शामिल है।


बरायठा थाना प्रभारी के रूप में किया उल्लेखनीय कार्य
मकसूद अली सागर जिले के बंडा अनुविभाग अंतर्गत बरायठा थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे देवरी, केसली सहित सागर जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी पदस्थ रहे हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में कार्य किया।


पुलिस सेवा के साथ ही मकसूद अली का जनता के बीच संवाद और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर भी सक्रिय रवैया रहा है। आम लोगों की समस्याओं को सुनकर नियमानुसार उनके समाधान का प्रयास करने के कारण क्षेत्र में उनकी कार्यशैली को लेकर सकारात्मक चर्चा रही है। पुलिस अधिकारी के रूप में जनता के बीच सहज संवाद और सेवा भावना उनकी कार्यशैली का प्रमुख हिस्सा रही है।
कर्तव्यनिष्ठा और कार्यशैली को मिला सम्मान

के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार के लिए मकसूद अली का चयन उनकी पुलिस सेवा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों, कर्तव्य के प्रति निष्ठा और कार्यशैली का सम्मान माना जा रहा है। पुरस्कार की घोषणा के बाद पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

*सागर जिले के पत्रकार सतीष सेन ने खबर लिखते हुआ कहा है कि एक अच्छे पुलिस अधिकारी की पहचान केवल उसके पद से नहीं, बल्कि उसकी कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और जनता के प्रति जिम्मेदारी से होती है।*

 ऐसे अधिकारियों को मिलने वाला सम्मान न केवल उनकी सेवाओं को पहचान देता है, बल्कि पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के लिए भी अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण के लिए प्रेरणा का कार्य करता है।