महाराजपुर में 12वीं के छात्र पर चाकू से हमला, नशे के लिए पैसे मांगने का आरोप, दो युवकों की तलाश में पुलिस
जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजपुर में शनिवार दोपहर 12वीं कक्षा के एक छात्र पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने नशे के लिए रुपए मांगे और इनकार करने पर छात्र को चाकू मारकर घायल कर दिया।
घटना महाराजपुर हाउसिंग बोर्ड के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, छात्र दोपहर करीब 1 बजे स्कूल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गुल्लू दुबे और सक्षम दुबे नामक दो युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। दोनों युवक उसी स्कूल के पूर्व छात्र बताए जा रहे हैं।
पीड़ित छात्र ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उससे गांजा खरीदने के लिए रुपए मांगे। जब छात्र ने पैसे देने से मना किया, तो दोनों ने गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे छात्र घायल हो गया।
हमले के बाद घायल छात्र ने हिम्मत दिखाते हुए सीधे अधारताल थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने छात्र की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
अधारताल थाना पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों के पास चाकू कहां से आया और घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश तो नहीं थी।
Continue With Google
Comments (0)