गंभीर बीमारी से जूझ रही अनिका के इलाज में मदद को बढ़े हाथ, महेश  पटेल  ने  की ₹1.51 लाख की सहायता की घोषणा

आलीराजपुर।

गंभीर बीमारी से जूझ रही अनिका शर्मा के उपचार के लिए आर्थिक सहयोग जुटाने के प्रयास जारी हैं। इलाज में बड़ी राशि की आवश्यकता के बीच परिवार और परिचितों द्वारा मदद की अपील की जा रही है।

इसी क्रम में आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल एवं जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने अनिका के उपचार के लिए ₹1 लाख 51 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

अनिका के इलाज में लगातार बढ़ रहे खर्च के कारण परिवार के सामने आर्थिक चुनौती खड़ी है। ऐसे समय में मिली सहायता उसके उपचार को आगे बढ़ाने में सहायक हो सकती है।

महेश पटेल ने कहा कि बीमारी से जूझ रहे परिवार के लिए यह समय बेहद कठिन है। ऐसे में समाज के सक्षम लोगों को अपनी सामर्थ्य के अनुसार मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने नागरिकों, सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों से अनिका के उपचार में यथासंभव सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि “अनिका को अपनी बेटी समझकर मदद के लिए आगे आया हूं। कठिन समय में किसी जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ा होना ही सबसे बड़ी मानवीय जिम्मेदारी है। सामूहिक सहयोग से अनिका के इलाज में परिवार को संबल मिल सकता है।”

अनिका के परिवार और मित्र भी उपचार के लिए लगातार आर्थिक सहयोग जुटाने में लगे हैं। ऐसे में इस पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि मुश्किल समय में छोटी-बड़ी मदद किसी परिवार के लिए बड़ी उम्मीद बन सकती है।