सलमान शेख/पेटलावद
क्षेत्र में इस वर्ष कम वर्षा होने से माही डैम और माही डैम से निकलने वाली नहर से जुड़े कई तालाबों में पर्याप्त पानी नहीं भर पाया है। ऐसे में आगामी रबी सीजन में गेहूं और चने की फसल के लिए सिंचाई व्यवस्था को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं पशुपालकों के सामने भी गाय-भैंस के लिए चारे और पानी की उपलब्धता का सवाल खड़ा हो रहा है। किसानों की इसी समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने माही डैम में नर्मदा का पानी लाने की मांग उठाई है।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष महेंद्र हामड़ और जिला महामंत्री जितेंद्र पाटीदार ने बताया कि किसानों की इस मांग को शासन तक पहुंचाने के लिए 28 सितंबर, सोमवार को सुबह 11 बजे पेटलावद एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन दिया जाएगा। ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम और कलेक्टर महोदय के नाम सौंपा जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से बड़ी संख्या में एसडीएम कार्यालय पहुंचने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि पानी की उपलब्धता का सीधा संबंध किसानों की आगामी फसल और पशुपालन से है। इसलिए क्षेत्र के किसानों को इस विषय पर एकजुट होकर अपनी मांग शासन तक पहुंचानी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित गांवों के किसानों से निर्धारित समय पर पेटलावद पहुंचने का आह्वान किया।
18 गांवों के किसानों से पहुंचने की अपील:
ज्ञापन कार्यक्रम में बोड़ायता, मोहनपुरा, सारंगी, मांडन, मठमठ, गंगाखेड़ी, करवड़, रामगढ़, देहनंडी, टेमरिया, करड़ावद, पेटलावद, अनंतखेड़ी, जामली, बरवेंट, रायपुरिया, रूपगढ़ और कोदली सहित क्षेत्र के किसानों के शामिल होने की बात कही गई है। भारतीय किसान यूनियन एवं किसानों की ओर से मांग की जा रही है कि माही डैम में नर्मदा का पानी लाने की दिशा में शासन स्तर पर आवश्यक पहल की जाए, जिससे क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सके और आगामी रबी फसल के साथ पशुपालन पर पड़ने वाले संभावित संकट को भी कम किया जा सके।
मध्य प्रदेश स्पेशल
माही डैम में नर्मदा का पानी लाने की मांग, 28 सितंबर को किसान देंगे ज्ञापन
September 25, 2026 11:57 AM
1 min read
18 views
1/1
Reactions
Comments 0
Please log in to join the conversation and post a comment.
Continue With Google