नरसिंहपुर/गोटेगांव:- (मोहन सिंह राजपूत)- नगर के भगत सिंह वार्ड स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण अभियान के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं एवं माताओं के लिए पोषण आहार एवं पौष्टिक व्यंजनों को लेकर विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजसेविका श्रीमती स्नेहलता श्रीवास्तव ने माताओं से संवाद करते हुए कहा कि मां का भोजन केवल उसके स्वास्थ्य तक सीमित नहीं होता, बल्कि गर्भ में पल रहे शिशु के विकास और आने वाली पीढ़ी के स्वस्थ जीवन की नींव भी रखता है।
उन्होंने कहा कि पोषण का अर्थ महंगे खाद्य पदार्थों का सेवन करना नहीं है। घर में आसानी से उपलब्ध दाल, चना, हरी सब्जियां, मौसमी फल, दूध-दही, पनीर एवं विभिन्न अनाज को संतुलित और विविध रूप में आहार में शामिल कर पर्याप्त पोषण प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय परंपरा में अभिमन्यु और माता सुभद्रा की कथा का स्मरण करते हुए गर्भावस्था के दौरान मां के स्वास्थ्य, सकारात्मक वातावरण एवं मानसिक शांति के महत्व पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार के साथ पर्याप्त आराम, सकारात्मक वातावरण और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच भी आवश्यक है।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता यशोदा मेहरा, सहायिका जयंती सेन, मुरलीधर वार्ड कार्यकर्ता ऋतु राय, उषा कार्यकर्ता बबीता सोनी सहित गर्भवती माताएं मुस्कान विश्वकर्मा, जया दुबे, रेशमा पड़रिया, कृष्णा पटेल, शिवानी राजपूत, शीतल श्रीवास्तव एवं कुंती सिलावट उपस्थित रहीं। वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों ऋषभ आरव श्रीवास्तव, प्रियांशु राजपूत, आरव पटेल, आरती विश्वकर्मा एवं हार्दिक सिलावट की उपस्थिति ने कार्यक्रम को आत्मीय बना दिया।
Continue With Google