गंजबासौदा। सेवा भारती विदिशा इकाई द्वारा कन्या पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें 1500 से अधिक कन्याओं का पूजन किया गया। सेवा भारती के 15 केंद्रों से कन्याओं को लाकर इस कार्यक्रम में सहभागिता कराई गई।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की महिला एवं बाल विकास कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने मंच पर विराजमान दुर्गा स्वरूप नौ देवी कन्याओं का पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। निर्मला भूरिया ने कहा कि सेवा भारती जैसी संस्था जनजाति क्षेत्रों में कार्य करती है। मैंने सेवा भारती को बहुत नजदीक से देखा है। यह संस्था महिलाओं के सशक्तिकरण में अपना संपूर्ण योगदान देती है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महिला सशक्तिकरण का सपना सेवा भारती अपने सशक्त तरीके से पूरा कर रही है।
सेवा भारती के राष्ट्रीय मंत्री रामेंद्र सिंह , गंजबासौदा विधायक हरि सिंह रघुवंशी, मध्यप्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह जादौन, नपा अध्यक्ष श्रीमती शशि यादव, जनपद अध्यक्ष नीतू  रघुवंशी, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती अंशलेखा भावसार, जिला पंचायत सदस्य सहित सभी अतिथियों ने कन्या पूजन में सहभागिता की।
मुख्य वक्ता के रूप में सेवा भारती के राष्ट्रीय मंत्री रामेंद्र सिंह जी ने भी संबोधित करते हुए सेवा भारती के कार्यों और उसके उद्देश्य से अवगत कराया। मंचीय कार्यक्रम के बाद छोटी-छोटी कन्याओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में सेवा भारती के जिला अध्यक्ष राजेश माथुर, विभाग समन्वयक राजेश भार्गव, जिला सचिव मयंक , दिनेश कंचन, अवतार सिंह रघुवंशी, नगर अध्यक्ष सावन अग्रवाल, रविंद्र जैन, राजा रघुवंशी, माधव सुहाने सहित सभी सेविका, शिक्षिका एवं सदस्य मौजूद रहे।