मामूली विवाद ने लिया विकराल रूप, दो पक्षों में लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और ईंटों से हमला; आधा दर्जन घायल- *वीडियो वायरल*

नौगांव थाना क्षेत्र के मड़रका गांव में दो पक्षों पटेल और कुशवाहा परिवार के बीच हिंसक झड़प,पटेल परिवार के तीन गंभीर जिला अस्पताल रेफर; पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किया मामला--

छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र की लुगासी चौकी अंतर्गत मड़रका गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और ईंट-पत्थरों से हुए हमले में दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें पटेल परिवार के तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले कुशवाहा परिवार द्वारा पटेल परिवार के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया था। इस संबंध में अजय पटेल ने नौगांव थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी।

आरोप है कि शुक्रवार सुबह पुरुषोत्तम कुशवाहा, गोरेलाल कुशवाहा और रामरतन कुशवाहा ने घर के पास बने बाड़े में बंधी भैंसों को छोड़ दिया और दीवार तोड़ दी। विरोध करने पर श्यामलाल पटेल पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर बेहोश कर दिया। इसके बाद बीच-बचाव करने पहुंचे दरवेश पटेल, कामता पटेल, आकाश, राजपति, रामपाल और अजय पटेल पर भी हमला कर दिया गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई।

घटना में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए। घायलों को पहले नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से श्यामलाल पटेल, दरवेश पटेल और कामता पटेल की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। इनमें दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

नौगांव थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दरवेश पटेल का आरोप है कि पुलिस ने कुशवाहा पक्ष के कहने पर सात लोगों के नाम एफआईआर में शामिल किए हैं, जबकि उनके अनुसार हमले में शामिल अन्य आरोपियों के नाम दर्ज नहीं किए गए हैं।