‘सड़क सुरक्षा नियम नहीं, जिम्मेदारी है’—विधायक मीणा
नटेरन में विद्यार्थियों को हेलमेट बांटे, मौके पर ही बनाए लर्निंग लाइसेंस
शमशाबाद,नटेरन। सड़क पर सुरक्षित सफर के लिए नियमों का पालन जितना जरूरी है, उतनी ही जरूरी जागरूकता भी है। इसी संदेश के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र के सांदीपनि विद्यालय, नटेरन में एक दिवसीय सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सूर्यप्रकाश मीणा रहे। उन्होंने विद्यार्थियों और ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानूनी नियम नहीं, बल्कि हम सभी का नैतिक दायित्व है। प्रत्येक नागरिक स्वयं यातायात नियमों का पालन करे और परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करे।
मौके पर ही बने लर्निंग लाइसेंस, विद्यार्थियों को बांटे हेलमेट
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सुरक्षित आवागमन, हेलमेट व सीटबेल्ट के उपयोग तथा यातायात संकेतों की जानकारी दी गई। शिविर में विशेष व्यवस्था के तहत छात्र-छात्राओं के मौके पर ही लर्निंग लाइसेंस बनाए गए। इसके साथ ही विधायक एवं उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए। हेलमेट के उपयोग को लेकर विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी जागरूक किया गया।
जरूरतमंद विद्यार्थियों को सामग्री भी दी
सेवा संकल्प अभियान के तहत जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को उपयोगी पाठ्य सामग्री का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना रहा।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष संग्राम सिंह, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि यशपाल रघुवंशी, एसडीएम अजय पाठक, थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह, बीईओ राकेश सेन, प्राचार्य आर.जी. कुर्मी, शैलेंद्र सिंह ठाकुर, जैव विविधता सभापति अंसूज शर्मा, माखन सिंह, कमलेश मालवीय, रघुवीर सिंह, अरुण रघुवंशी, राजकुमार राजपूत, संजीव रघुवंशी, अखिलेश रघुवंशी, भालू महाराज सहित विद्यालय स्टाफ, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन अंकित गुप्ता ने किया।
Continue With Google