आगर मालवा। लगभग 15 दिनों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मानसून एक बार फिर मेहरबान हुआ। मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुई झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। पिछले कई दिनों से तेज धूप और उमस भरे मौसम से परेशान लोग बारिश होते ही राहत महसूस करते नजर आए।
बारिश के चलते शहर की सड़कों पर ठंडक का एहसास हुआ, वहीं बच्चों और युवाओं ने भी बारिश का आनंद लिया। तापमान में गिरावट आने से मौसम सुहावना हो गया।
सबसे अधिक खुशी किसानों में देखने को मिली। पिछले करीब 15 दिनों से बारिश नहीं होने के कारण सोयाबीन, मक्का, उड़द और अन्य खरीफ फसलों की बुवाई के बाद खेतों में नमी की कमी होने लगी थी, जिससे किसान चिंतित थे। मंगलवार को हुई अच्छी बारिश ने फसलों को नया जीवन दे दिया है और किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह बारिश खरीफ फसलों की बढ़वार के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी। यदि आने वाले दिनों में भी मानसून इसी तरह सक्रिय रहा तो जिले में अच्छी पैदावार की उम्मीद बढ़ जाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी जिले में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे कृषि कार्यों को और गति मिलेगी।
Continue With Google
Comments (0)