आगर मालवा। शहर के मोती सागर तालाब में मंगलवार सुबह नहाने के दौरान एक ग्रामीण युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान ढाबला पिपलोन निवासी भगवान सिंह (24), पिता भेरू सिंह, के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार भगवान सिंह अपने एक साथी के साथ मोती सागर तालाब में नहाने आया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। युवक के साथी को जीवन रक्षक उपकरण पहनाकर मोटर बोट में बैठाया गया। उसके बताए स्थान के आसपास तलाश अभियान चलाया गया और कुछ ही मिनटों में बिलोई की मदद से युवक का शव तालाब से बाहर निकाल लिया गया।
घटना सुबह करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही नगरपालिका अध्यक्ष नीलेश जैन पटेल एवं एसडीआरएफ की कविता सोलंकी भी मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ के पहुंचने से पहले स्थानीय तैराक राहुल अजमेरा, अनिल सोनी तथा अन्य युवाओं ने भी डूबे युवक की तलाश के लिए काफी प्रयास किए।
शव निकालने के दौरान एसडीआरएफ का एक जवान भी पानी में गिर गया, हालांकि उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, शव बरामद होने के बाद मौके पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण नगरपालिका के विद्युत कार्य में लगे वाहन से शव को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
Continue With Google
Comments (0)