मुलताई पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 12 वर्षीय गुम बालक राम को महाराष्ट्र के रायगढ़ से सकुशल किया दस्तयाब

मुलताई।थाना पुलिस ने 12 वर्षीय गुम बालक को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सौंपते हुए सराहनीय सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, प्रभात पट्टन पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम नरखेड़ निवासी पंजाबराव हरसूले ने अपने 12 वर्षीय पुत्र राम के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुम इंसान कायम कर मामले की जांच शुरू की।
थाना प्रभारी विकास पटेल के निर्देशन में बालक की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। लगातार तलाश और तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गुम बालक राम महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के करजात क्षेत्र में है।
सूचना मिलते ही प्रभात पट्टन चौकी प्रभारी दिनेश कुमरे के नेतृत्व में पुलिस टीम करजात (रायगढ़, महाराष्ट्र) पहुंची और 12 वर्षीय राम को सकुशल दस्तयाब कर मुलताई लेकर आई। आवश्यक कार्रवाई के बाद बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
मुलताई पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते गुम बालक सुरक्षित अपने परिवार से मिल सका, जिससे परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।