नरसिंहपुर/गोटेगांव:- (मोहन सिंह राजपूत)- गणेशोत्सव के समापन अवसर पर होने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर नगरीय प्रशासन गोटेगांव ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद द्वारा विशेष विसर्जन कुंड तैयार कराया गया है।
प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी नर्मदा नदी में प्रतिमा विसर्जन से होने वाले प्रदूषण को रोकने के उद्देश्य से नगर परिषद ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। नगर में स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर के समीप बकतला तालाब में विसर्जन कुंड को पर्याप्त गहराई और आकार के साथ तैयार किया गया है, ताकि बड़ी प्रतिमाओं का भी सुरक्षित रूप से विसर्जन किया जा सके।
विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कुंड के आसपास बैरिकेडिंग, सुरक्षा जाली एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों के साथ नगर परिषद के कर्मचारियों की विशेष टीम भी तैनात रहेगी।
नगर परिषद ने गणेश उत्सव समितियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रतिमाओं का विसर्जन नगर परिषद द्वारा बनाए गए विशेष विसर्जन कुंड में ही करें। परिषद ने पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के लिए नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है।
Continue With Google