रायसेन। जिले के सैंडोरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नयापुरा अगारिया के जंगल में महुआ के पेड़ के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रायसेन भेज दिया।
पुलिस को मृतक के पास से आधार कार्ड एवं इलाज संबंधी दस्तावेज मिले हैं, जिनके आधार पर उसकी पहचान जयसिंह पिता हिरासय (उम्र लगभग 50 वर्ष), निवासी ग्राम मेंड्रा, जिला मनेंद्रगढ़, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। मौके से ट्रेन की टिकट भी बरामद हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक छत्तीसगढ़ के किसी अस्पताल में भर्ती था और संभवतः ट्रेन के माध्यम से यहां तक पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि शव करीब तीन दिन पुराना है। चौकी प्रभारी शैलेंद्र दायमा ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है तथा मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। प्रारंभिक जानकारी में मृतक के बीमारी से पीड़ित होने की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।