रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। गुरुवार सुबह सलामतपुर थाना क्षेत्र के खोहा गांव में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जब देवर ने अपनी ही भाभी को मौत के घाट उतार दिया।
जानकारी के अनुसार, खोहा गांव निवासी खेमचंद मालवीय सुबह खेत पर काम के लिए घर से निकल गए थे। घर पर उनकी पत्नी पूजा मालवीय (32) अपने 8 वर्षीय बेटे ऋतिक के साथ मौजूद थीं। सुबह करीब साढ़े 9 बजे पूजा किचन में खाना बना रही थीं, तभी उनका देवर रामू मालवीय (27) वहां पहुंचा और चाय बनाने को कहा।
बताया जा रहा है कि पूजा ने किसी कारणवश चाय बनाने से मना कर दिया। बस, इसी बात पर रामू का गुस्सा बेकाबू हो गया। गुस्से में उसने पास रखा डंडा उठाया और पूजा के सिर पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। वार इतने बेरहम थे कि पूजा लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। हैवानियत की हद पार करते हुए आरोपी तब तक वार करता रहा, जब तक उसकी भाभी ने मौके पर ही दम नहीं तोड़ दिया।
घटना के दौरान मासूम बेटा ऋतिक चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन दरिंदे देवर का दिल नहीं पसीजा। वारदात के बाद आरोपी घर से बाहर निकला, जहां उसके बड़े भाई गणेशराम ने उसे खून से सना देखा। पूछने पर उसने ठंडे लहजे में कहा—“मैंने भाभी को मार डाला” और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को सांची सिविल अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने आरोपी रामू मालवीय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में दो टीमें गठित कर दी गई हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी पांच भाइयों में सबसे छोटा है।
इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब गुस्सा इंसान पर हावी होता है, तो वह रिश्तों की सारी सीमाएं लांघ देता है। गांव में मातम पसरा है और हर कोई इस खौफनाक वारदात से सहमा हुआ है।