*बहनों के आशीर्वाद से राज्य सरकार निरंतर आगे बढ़ा रही है विकास कार्यः मुख्यमंत्री डॉ. यादव*
*किसानों के सर्वांगीण उत्थान और उनकी आय में वृद्धि के लिए पूरी निष्ठा से हो रहा है कार्य: मुख्यमंत्री डॉ. यादव*
*दुग्ध उत्पादन और मत्स्य उत्पादन बढ़ाकर किसानों की आय में होगी वृद्धि : मुख्यमंत्री डॉ. यादव*
*निवाड़ी को मिली बड़ी विकास कार्यों की सौगात, संयुक्त नवीन कलेक्ट्रेट भवन एवं जिला चिकित्सालय सहित करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन*
*निवाड़ी में खोला जाएगा विधि एवं एमबीए कॉलेज, प्रदेश की हर नगर पंचायत में बनेंगे गीता भवन*
*निवाड़ी 26 जुलाई 2026/*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि निवाड़ी मध्यप्रदेश की अयोध्या है। यह सांस्कृतिक इतिहास और मंदिरों की नगरी है। यहाँ का वातावरण मनमोहक है। अयोध्या में भगवान राम का दिव्यधाम जगमगा रहा है, वैसे ही निवाड़ी के ओरछा में भगवान राम का राम राजा लोक का निमार्ण हो रहा है। भगवान राम का गॉर्ड ऑफ ऑनर ओरछा की गरिमा को बढ़ाता है। राजा राम के धाम के आसपास विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि निवाड़ी जिला बनने के बाद यहां विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव निवाड़ी जिला मुख्यालय स्थित खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवाड़ी जिला मुख्यालय स्थित खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होते हुए रिमोट के माध्यम से नव निर्मित संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन और जिला अस्पताल का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने जिले में अधोसंरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लगभग 193 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले कुल 59 विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ वितरण एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किये।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नव निर्मित संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन के लोकार्पण से एक ओर जहां जिलावासियों को शासन की योजनाओं सहित समस्त शासकीय कार्यों की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी वहीं जिला अस्पताल का लोकार्पण होने से जिलेवासियों को बेहतर स्वास्थ्य और चिकित्सीय सुविधा प्रदान होगी। अब लोगों को स्वास्थ्य सुविधा के लिए अन्यत्र नहीं जाना पड़ेगा। समस्त आधुनिक सुविधाओं के साथ निवाड़ी जिला अस्पताल का निर्माण किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देख के गौरव और देश की रक्षा के लिए बुन्देलखंड के वीरों ने आक्रांताओं की चुनौती का डटकर सामना किया और बुन्देलखंड सहित देश की रक्षा की। प्रकृति की अद्भुत विरासत केन और बेतबा नदी अनादिकाल से बहती आ रही है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक लाख करोड़ रुपए की लागत से केन-बेतबा नदी जोड़ो परियोजना का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नदी जोड़ो परियोजना पूर्ण होने पर बुन्देलखंड के किसान वर्ष में तीन-तीन फसलें पैदा करेंगे। क्षेत्र में समृद्धि आएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में हमारी सरकार किसानों के सर्वांगीण उत्थान और उनकी आय में निरंतर वृद्धि के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि ही प्रदेश की समृद्धि है, इसलिए बिजली, पानी, सिंचाई, उन्नत बीज, खाद और विपणन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने देश में सर्वाधिक लगभग 14 लाख किसानों से 2625 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर गेहूँ खरीदा है। उन्होंने कहा कि सरकार एमएसपी से अधिक दर पर किसानों से उनकी फसलों का उपार्जन कर रही है। उन्होंने कहा कि किसाना दूध और मत्स्य का उत्पादन बढ़ाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। इसके लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से दुग्ध उत्पादन और मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा दे रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा बहनें लाड़ली बहना योजना के तहत मिली राशि से अपने परिवार के संचालन में भी सहयोग कर रही हैं। बहनों के आशीर्वाद से राज्य सरकार निरंतर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से बहनों को पक्के मकान और उज्जवला गैस कनेक्शन भी दिए जा रहे हैं। बच्चों की शिक्षा के लिए आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण सांदीपनि विद्यालयों की स्थापना की जा रही है। गुरु शिष्य की परंपरा को पुनर्जीवित करते हुए राजकीय विश्वविद्यालयों के प्रमुखों के पद को कुलगुरु का नाम दिया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सर्वकल्याण और जनकल्याण हमारी सरकार का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का हर निर्णय, हर योजना और हर कार्य जनहित को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। सरकार गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के जीवन को आसान बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में हमने जो कदम उठाए हैं, वे सब इसी मूल मंत्र से प्रेरित हैं। हमारा लक्ष्य है कि प्रदेश का हर नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़े और उसका जीवन स्तर सुधरे। जनकल्याण ही हमारी प्राथमिकता है और इसी भावना के साथ हम मध्य प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समान नागरिक संहिता बिल देश की एकता, अखंडता और सामाजिक न्याय को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समान नागरिक संहिता का उद्देश्य हर नागरिक को समान अधिकार और समान कानून उपलब्ध कराना है, जिससे किसी भी वर्ग या समुदाय के साथ भेदभाव न हो। मध्यप्रदेश में राम और रहीम एक ही कानून से शासित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार संविधान के मूलभूत सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करते हुए सामाजिक समरसता, लैंगिक समानता और राष्ट्रीय एकता को प्राथमिकता देती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बिल किसी धर्म या समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि सभी नागरिकों के समान अधिकार सुनिश्चित करने का माध्यम है, जिससे देश में एक समान कानूनी व्यवस्था कायम हो सके और हर व्यक्ति को न्याय मिल सके।
*मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं*
निवाड़ी में विधि महाविद्यालय और एमबीए महाविद्यालय खोला जाएगा।
प्रदेश की हर नगर पंचायत में गीता भवन बनाए जायेगे।
निवाड़ी में सर्वसुविधायुक्त नवीन बस स्टेण्ड बनेगा।
प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम सहायता बस सेवा शुरू होगी।
तरीचरकला में गौशाला बनायी जाएगी।
कनेर नदी पर जनौली-चंदावनी के बीच पुल बनवाया जाएगा।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री एवं प्रभारी मंत्री जिला निवाड़ी श्री नारायन सिंह कुशवाह, सांसद राज्यसभा श्री महेश केवट, विधायक विधानसभा क्षेत्र निवाड़ी श्री अनिल जैन, सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटेरिया, एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मंच पर उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)