कैजुअल्टी में नर्सिंग ऑफिसर से मारपीट पर भड़का नर्सिंग संगठन

48 घंटे का अल्टीमेटम, आरोपियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग; प्रभारी डीन को सौंपा ज्ञापन

संजय गांधी अस्पताल के कैजुअल्टी डिपार्टमेंट में रविवार देर रात हुई मारपीट की घटना अब तूल पकड़ती जा रही है। घटना के दौरान घायल हुई नर्सिंग ऑफिसर के समर्थन में नर्सिंग एसोसिएशन ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने आरोपियों के विरुद्ध 48 घंटे के भीतर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग करते हुए सोमवार को प्रभारी डीन को ज्ञापन सौंपा।

जानकारी के अनुसार रविवार देर रात कैजुअल्टी डिपार्टमेंट में मरीज के परिजनों और चिकित्सकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में तब्दील हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। इसी दौरान एक मरीज की देखभाल में जुटी नर्सिंग ऑफिसर भी कथित तौर पर मारपीट की चपेट में आकर घायल हो गईं।

घटना के बाद मरीज के परिजनों और चिकित्सकों की ओर से विवाद की वजह को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। वहीं घायल नर्सिंग ऑफिसर के समर्थन में नर्सिंग संगठन ने अस्पताल प्रबंधन से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

संगठन का कहना है कि अस्पताल में ड्यूटी करने वाले नर्सिंग स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रबंधन की जिम्मेदारी है। ज्ञापन के माध्यम से 48 घंटे के भीतर आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने, घटना की निष्पक्ष जांच कराने और नर्सिंग स्टाफ की सुरक्षा को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की गई है। संगठन ने मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में आगे आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

बाइट — अम्बिका तिवारी, अध्यक्ष, नर्सिंग संगठन।