ओंकारेश्वर 

तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में नौका विहार के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। झारखंड के रांची जिले से आए 10 श्रद्धालु बोटिंग कर रहे थे, तभी पास से तेज गति से गुजर रही दूसरी नाव की लहरों से उनकी नाव अचानक डगमगा गई और पलट गई।

नाव पलटते ही सभी श्रद्धालु नदी में गिर गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि सभी यात्रियों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, जिसके कारण वे पानी में सुरक्षित बने रहे और एक बड़ी जनहानि टल गई।

 त्वरित रेस्क्यू से बची जान

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय एसडीईआरएफ, राजस्व विभाग, होमगार्ड एवं अन्य नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

 दो श्रद्धालु गंभीर, बेहतर इलाज के बाद खतरे से बाहर

हादसे में दो श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार उदय मंडलोई ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घायलों को अपनी सरकारी गाड़ी से तत्काल सिविल अस्पताल ओंकारेश्वर पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद दोनों मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट दिया गया तथा बेहतर इलाज खतरे को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में डॉ रवि वर्मा ने लगभग 12 किलोमीटर दूर सनावद के निजी अस्पताल में रेफर किया गया। जहां पूरे मामले पर नायब तहसीलदार उदय मंडलोई वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में रह देखरेख करते रहे।

बीएमओ डॉ. आनंद ओनकर एवं डॉ. रवि वर्मा की देखरेख में इलाज के बाद अब दोनों श्रद्धालु खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

प्रशासन की तत्परता और कार्रवाई।

एसडीएम पंकज वर्मा ने बताया कि सभी 10 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया गया है और गंभीर घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए नाव क्रमांक 225 के संचालक के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच टीम गठित की गई है, जिसमें डिप्टी कलेक्टर ममता चौहान सहित 2 अन्य अधिकारी शामिल हैं 3 दिनों में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर नाव मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 लापरवाही का आरोप, मामला दर्ज।

मांधाता थाना में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, फरियादी पद्युम कोयरी (निवासी रांची, झारखंड) ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ नर्मदा स्नान एवं मंदिर दर्शन के लिए ओंकारेश्वर आए थे।

दोपहर करीब 12 बजे नाव क्रमांक 225 से बोटिंग के दौरान नवीन घाट के सामने नाव चालक द्वारा लापरवाहीपूर्वक नाव चलाने से नाव गहरे पानी में पलट गई। हादसे में दो यात्री गंभीर रूप से घायल हुए तथा एक मोबाइल नदी में गिर गया।

पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों की सराहना, टला बड़ा हादसा

इस पूरे घटनाक्रम में नायब तहसीलदार उदय मंडलोई की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की व्यापक सराहना हो रही है।

ओंकारेश्वर में यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था, लेकिन—

लाइफ जैकेट की उपलब्धता

 प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

 रेस्क्यू टीम की सक्रियता

इन सभी कारणों से सभी श्रद्धालुओं की जान सुरक्षित बचा ली गई।