दित्यपाल राजपूत
प्रधानमंत्री आवास में पात्र हितग्राही को वंचित करने पर सचिव पर होगी कार्रवाई : कलेक्टर
पलेरा। जनपद पंचायत पलेरा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जनसंवाद शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने ग्रामीणों एवं हितग्राहियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित करीब 200 आवेदन प्राप्त हुए।
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्र हितग्राही को योजना के लाभ से वंचित किए जाने का मामला सामने आने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित सचिव के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जनपद पंचायत के सीईओ अरविंद कुमार बोरकर ने बताया कि शिविर में राजस्व, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, स्वास्थ्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं को लेकर लोगों ने आवेदन दिए। इनमें से कुछ मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी से जुड़े मामलों पर भी अधिकारियों ने कार्रवाई की।
हर शुक्रवार लगाए जाएंगे जनसंवाद शिविर
जतारा विधायक हरिशंकर खटीक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जा रहा है। गांवों में हैंडपंप, प्रधानमंत्री आवास, नामांतरण, जमीन का बंटवारा सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविर में एसपी सुधीर कुमार अग्रवाल, एसडीएम जतारा नीरज खरे, तहसीलदार पलक जैन, नगर परिषद सीएमओ शिवी उपाध्याय, जनपद सीईओ अरविंद कुमार बोरकर, परियोजना अधिकारी प्रदीप मिश्रा, सहायक अभियंता लक्ष्मण कुशवाहा सहित जिले के अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।
Continue With Google