नरसिंहपुर/गोटेगांव:-(मोहन सिंह राजपूत)- दशलक्षण महापर्व के पावन अवसर पर श्री 1008 शांतिनाथ जिनालय स्थित आचार्य श्री विद्यासागर सभागार में भक्ति, ज्ञान और आनंद का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। अखिल भारतीय दिगम्बर जैन महिला परिषद विद्या सिंधु संभाग एवं आदर्श मति महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है।
आयोजन के तहत ‘जिनवर 1 मिनट’, चांदोबा सजाओ प्रतियोगिता, आरती नृत्य, आच्छार सजाओ प्रतियोगिता, ‘तोलमोल के बोल’ तथा बाल प्रतिभा शो सहित विभिन्न कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
आयोजन की विशेषता महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और कुशल प्रबंधन भी बनी हुई है। परिषद की सदस्य श्रीमती रुचि जैन, सपना जैन, नेहा जैन, शालू जैन, शीतल जैन, आरती जैन, परिधि जैन, वर्षा जैन, प्रीति सराफ सहित अन्य सदस्य कार्यक्रमों को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। मातृशक्ति के सामूहिक प्रयासों की समाजजनों द्वारा सराहना की जा रही है।
प्रतिदिन रात्रि में जिनेन्द्र भगवान की आरती के उपरांत विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में जैन धर्मावलंबी सहभागिता कर रहे हैं। प्रतिभागियों के उत्साह के चलते सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं का चयन भी निर्णायकों के लिए चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। निर्णायक मंडल में श्रीमती रितु जैन, प्राचार्य इंदिरा स्कूल, तथा श्रीमती मनीषा जैन, इन्दु जैन, रूपल जैन सहित अन्य वरिष्ठ सदस्य अपनी भूमिका निभा रही हैं।
आत्मशुद्धि और संयम का पर्व
श्रीमती रुचि जैन ने कहा कि दशलक्षण पर्व आत्मशुद्धि का पर्व है। इस अवसर पर श्री 1008 शांतिनाथ जिनालय में अनेक ज्ञानवर्धक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बच्चे, महिलाएं एवं पुरुष वर्ग उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं।
ट्रस्ट कमेटी के प्रचार मंत्री अनिल जैन ने कहा कि पर्यूषण महापर्व केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, संयम और अहंकार को मिटाने का पावन अवसर है। श्री शांतिनाथ जिनालय में इस अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।
Continue With Google