बुधनी में ईद पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क, शांति समिति की बैठक में सौहार्द और भाईचारे का संदेश
बुधनी। आगामी ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को तहसील कार्यालय बुधनी में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने नगर के गणमान्य नागरिकों, विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर त्योहार को सौहार्दपूर्वक मनाने पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में तहसीलदार श्री ललित सोनी, थाना प्रभारी उप निरीक्षक संदीप जाट, नगरपालिका सीएमओ श्री संतोष रघुवंशी, एमपीईबी इंजीनियर सहित नगर के विभिन्न समाजों एवं समुदायों के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक तैयारियों की जानकारी भी दी गई।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि बुधनी हमेशा से आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल रहा है तथा सभी नागरिकों के सहयोग से इस परंपरा को आगे भी बनाए रखा जाएगा। थाना प्रभारी संदीप जाट ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और कोई भी संदिग्ध या अप्रिय स्थिति सामने आने पर तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करें।
बैठक में विशेष रूप से कुर्बानी को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट कहा कि कुर्बानी खुले स्थानों पर न की जाए तथा उसके बाद बचे अपशिष्ट का उचित स्थान पर वैज्ञानिक तरीके से डिस्पोजल किया जाए, जिससे आमजन की भावनाएं आहत न हों और नगर की स्वच्छता भी बनी रहे।
नगरपालिका एवं बिजली विभाग के अधिकारियों ने भी भरोसा दिलाया कि ईद पर्व के दौरान साफ-सफाई, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में उपस्थित सभी समाजों के वरिष्ठजनों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि बुधनी की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक एकता को कायम रखना सभी की जिम्मेदारी है।
सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई इस बैठक ने यह संदेश दिया कि प्रशासन और जनता के बेहतर समन्वय से हर त्योहार शांति, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाया जा सकता है।
शांति समिति की बैठक smpnn
शांति समिति की बैठक सम्पन्न

Continue With Google
Comments (0)