सलमान शेख, पेटलावद:

नगर के गणपति चौक पर रविवार रात श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम देखने को मिला। संत नीम करौरी बाबा के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ का सामूहिक प्रदर्शन किया गया। फिल्म देखने के लिए नगर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित गणपति चौक पहुंचे। सामूहिक आयोजन के चलते पूरे चौक पर भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। फिल्म के माध्यम से भक्ति, सेवा, करुणा और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़े संदेश को दर्शकों तक पहुंचाया गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक लोगों ने परिवार के साथ फिल्म का आनंद लिया। लंबे समय तक गणपति चौक पर लोगों की मौजूदगी बनी रही।

फिल्म प्रदर्शन से पहले हुई गणेश आरती: 
फिल्म प्रदर्शन से पूर्व गणपति चौक पर भगवान श्री गणेश की आरती की गई। आरती के लाभार्थी प्रदीप श्रेयल पटवा रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आरती में सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश से नगर एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।

परिवारों के साथ पहुंचे नगरवासी: 
आरती के बाद गणपति चौक पर फिल्म ‘हनुमान अंश’ का सामूहिक प्रदर्शन शुरू हुआ। नगरवासियों ने परिवार सहित बैठकर फिल्म देखी। आयोजन के दौरान धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा और दर्शकों ने फिल्म के संदेश को रुचि के साथ देखा। सामूहिक फिल्म प्रदर्शन के समापन पर आयोजकों ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। आयोजन के चलते गणपति चौक पर देर रात तक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।