अशोकनगर: करीला रंगपंचमी मेले की तैयारी में पुलिस प्रशासन सतर्क, बड़े पैमाने पर अवैध शराब बरामद

अशोकनगर: आगामी करीला रंगपंचमी मेले के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत मुंगावली एसडीओपी सनम बी खान के नेतृत्व में पिपरई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

भारी पुलिस बल के साथ छापेमारी:

मुखबिर की सटीक सूचना पर पिपरई पुलिस ने चार थानों के बल के साथ ग्राम भरियाखेड़ी में अवैध महुआ शराब के अड्डों पर घेराबंदी की। इस अचानक हुई कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से:

340 लीटर तैयार अवैध शराब बरामद की।

शराब बनाने के लिए ड्रमों में भरकर रखा गया करीब 5000 लीटर लहान मौके पर ही नष्ट कर दिया।

भट्ठियों और अन्य उपकरणों सहित कुल 4 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त की।

कानूनी कार्यवाही:

पुलिस ने अवैध शराब के इस काले कारोबार में शामिल 11 शराब माफियाओं को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इन सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

थाना प्रभारी का बयान:

थाना प्रभारी ओमप्रकाश मिश्रा ने बताया कि रंगपंचमी के त्यौहार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।