अलीराजपुर/जोबट: पी.एम. श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जोबट में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव का समापन रविवार को भव्यता और गरिमा के साथ हुआ। इस अवसर पर जोबट विधानसभा क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक, श्रीमती सेना महेश पटेल, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यालय परिसर में उनका स्वागत पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों के साथ किया गया।

विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

तीन दिनों तक चले इस वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक, शैक्षणिक और रचनात्मक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। नृत्य, नाटक, गीत, भाषण और प्रोजेक्ट प्रदर्शनी जैसे विविध कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बने। विधायक सेना महेश पटेल ने बच्चों की रचनात्मकता और नवाचार की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया और पुरस्कार प्रदान किए।

विधायक ने दिया मार्गदर्शन

विधायक ने अपने संबोधन में विद्यालय के शैक्षणिक अनुशासन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए मार्गदर्शन देते हुए कहा कि यह समय रिवीजन का है और विषयों को समझकर पढ़ाई करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि बेटियाँ शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और समाज में उनका योगदान महत्वपूर्ण है।

विधायक निधि से वाटर कूलर की घोषणा

विद्यालय में छात्राओं की पेयजल सुविधा को ध्यान में रखते हुए विधायक सेना महेश पटेल ने ₹51,000 की निधि से वाटर कूलर की स्थापना की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।

समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थिति

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने विधायक को विद्यालय की उपलब्धियों से अवगत कराया। कार्यक्रम में जोबट ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद (बबलू) डावर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता आराम पटेल, सरदार अजनार, मोनू बाबा, सोनू वर्मा, लक्की राठौर, संजय फ़िलोमन, बेरसिंह पटेल, संजय डावर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से विधायक सेना महेश पटेल के प्रति आभार व्यक्त किया गया।