आलोट। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर आलोट विद्युत वितरण केंद्र में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के 77 विद्युत उपभोक्ताओं ने भाग लेकर योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान 8 उपभोक्ताओं ने सोलर संयंत्र लगवाने के लिए पंजीयन कराया।

शिविर में उपभोक्ताओं को घर पर सोलर पैनल स्थापित करने की प्रक्रिया, शासन की ओर से मिलने वाली सब्सिडी, बैंक ऋण, ऑनलाइन पंजीयन तथा योजना की अन्य प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। सोलर वेंडरों और बैंक प्रतिनिधियों ने उपभोक्ताओं के सवालों और शंकाओं का समाधान करते हुए संयंत्र स्थापना एवं ऋण प्रक्रिया को समझाया।

इस अवसर पर पूर्व में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ ले चुके उपभोक्ताओं को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका अभिवादन किया गया। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने और योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।