ओंकारेश्वर 

अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने पवित्र ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक ट्रस्टी राव पुष्पेंद्र सिंह द्वारा उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

दर्शन उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए डॉ. तोगड़िया ने कहा कि भगवान ओंकारेश्वर ‘ॐ’ के स्वरूप में विद्यमान हैं और ‘ॐ’ के उच्चारण से ही सृष्टि की उत्पत्ति मानी जाती है। उन्होंने बताया कि मां नर्मदा के पावन तट पर स्थित यह धाम समस्त सनातन हिंदुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।

 *समाज कल्याण की कामना* 

डॉ. तोगड़िया ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी बच्चों को उत्तम शिक्षा मिले, परिवार स्वस्थ रहें, युवाओं को रोजगार प्राप्त हो तथा समाज में व्याप्त बुराइयों का अंत हो।

 *गैस समस्या पर दिया बयान* 

गैस समस्या को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही हैं और शीघ्र ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा।

 *ॐकार पर्वत की संरक्षा पर जोर* 

उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर का पर्वत ‘ॐ’ के आकार का है, इसलिए इसे किसी भी रूप में खंडित नहीं किया जाना चाहिए। इस विषय में उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

 *स्थानीय जनों से की मुलाकात* 

इस दौरान डॉ. तोगड़िया ने ओंकारेश्वर में पंडित नवल किशोर शर्मा, मंगल सिंह ठाकुर एवं ललित जोशी के निवास पर पहुंचकर मुलाकात की और विश्व शांति, सनातन धर्म की रक्षा तथा जनकल्याण की कामना की।

“ओंकारेश्वर में ओमकार महादेव के दर्शन एवं पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यह धाम सनातन आस्था का केंद्र है। हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि देश में सुख-शांति बनी रहे, युवाओं को रोजगार मिले और समाज से बुराइयों का अंत हो।” *डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया* 

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री प्रदीप गौर, प्रांत अध्यक्ष महंत श्री ओम भारती, प्रांत संगठन महामंत्री संजय यादव, हिंदू हेल्पलाइन नगर अध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।