आलोट। रेलवे ट्रैक के रखरखाव कार्य के चलते आलोट रेलवे गेट नंबर 20 को 24 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक यातायात के लिए अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। पश्चिम मध्य रेलवे के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (रेल पथ), महिदपुर रोड द्वारा जारी पत्र के अनुसार रेलवे के पीक्यूआरएस (PQRS) कार्य के चलते यह व्यवस्था की गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 अक्टूबर को सुबह 9 बजे गेट बंद किया जाएगा, जो 26 अक्टूबर को शाम 6 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान आमजन और वाहन चालकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
रेलवे के पत्र के अनुसार बड़े वाहनों के लिए एलसी-20 के स्थान पर एलसी-21 मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा। वहीं, छोटे दोपहिया वाहनों के आवागमन के लिए एलसी-20 पर स्थित एलएचएस (अंडरपास) का उपयोग किया जा सकता है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्य की प्रगति और तकनीकी आवश्यकताओं के अनुसार गेट बंद रहने की अवधि में बदलाव किया जा सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और आवागमन के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता रहेगी।
Continue With Google