सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रम विभाग के सचिव श्री रघुराज एम राजेंद्रन ने वृद्धाश्रम में वृद्धजनों से संवाद कर व्यवस्थाओं की ली जानकारी

 

टीकमगढ । मध्यप्रदेश शासन के श्रम विभाग के सचिव श्री रघुराज एम राजेंद्रन ने सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर आज मातृ शक्ति संगठन द्वारा संचालित मातृ-पितृ छाया वृद्धाश्रम, टीकमगढ़ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान वृद्धजनों ने वृद्धाश्रम में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी साझा की। इस अवसर पर वृद्धजनों द्वारा वृद्धाश्रम परिसर में पौधारोपण भी किया गया। सचिव श्री राजेंद्रन ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी आवश्यकताओं और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटोरिया, तहसीलदार टीकमगढ़, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया, प्रभारी उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण रविप्रकाश जैन तथा मातृ शक्ति संगठन की अध्यक्ष श्रीमती श्रद्धा चौहान सहित वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजन उपस्थित रहे।

बॉक्स - 

जिला चिकित्सालय तथा एमपीईबी परिसर में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर का श्रम विभाग के सचिव श्री रघुराज एम राजेंद्रन ने किया निरीक्षण

भगवान विश्वकर्मा जी की जयंती के अवसर पर पूजा-अर्चना कर कर्मचारियों को किया सम्मानित

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज जिला चिकित्सालय तथा एमपीईबी परिसर में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं, महिलाओं के साथ ही एनजीओ तथा जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों तथा कर्मचारियों द्वारा 32 यूनिट रक्तदान किया गया। 

मध्यप्रदेश शासन से श्रम विभाग के सचिव श्री रघुराज एम राजेंद्रन ने शिविर का निरीक्षण कर रक्तदाताओं एवं आयोजन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। रक्तदान शिविरों का आयोजन जिला चिकित्सालय की टीम एवं ईशानिका फाउंडेशन के तत्वाधान में किया गया।

भगवान विश्वकर्मा जी की जयंती के अवसर पर श्री रघुराज एम राजेंद्रन ने एमपीईबी परिसर में भगवान विश्वकर्मा जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की तथा सभी को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा उनका शॉल एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।