रायसेन। ईरान–इजरायल युद्ध की खबरों के बीच एलपीजी संकट की आशंका से रायसेन जिला मुख्यालय की सांची रोड और सागर रोड स्थित गैस एजेंसियों पर बुधवार सुबह से उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोग दोपहिया वाहन, ऑटो और कारों से गैस सिलेंडर लेने एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने दो–तीन दिन पहले सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन डिलीवरी घर तक नहीं पहुंची। मजबूरी में उन्हें खुद एजेंसी पहुंचकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है। कुछ लोगों ने बुकिंग दर्ज न होने की भी शिकायत की।
सांची रोड स्थित अमन गैस एजेंसी के संचालक संजू जाट ने बताया कि सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, लेकिन अफवाहों के कारण लोग एजेंसी पहुंच रहे हैं। सिलेंडर ओटीपी के आधार पर दिए जा रहे हैं और घरेलू सिलेंडर 25 दिन के अंतराल में ही मिलेंगे।
खाद्य अधिकारी राजू कातुलकर ने बताया कि जिले में 2.27 लाख गैस कनेक्शन हैं और सभी को सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। हालांकि बुकिंग बढ़ने से दबाव बढ़ा है और उपभोक्ताओं को 60 रुपये अतिरिक्त शुल्क भी देना पड़ रहा है।