गर्मियों का मौसम शुरू होते ही रायसेन वन मंडल ने वनों को आग से बचाने के लिए जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में रायसेन पूर्व सामान्य वन मंडल द्वारा सांची रोड स्थित जिंद बाबा ग्राउंड पर 'फॉरेस्ट प्रीमियर लीग (FPL)' क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मंगलवार को सदालपुर समिति ने जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की।

इस अनोखे क्रिकेट टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य वन समितियों को वनों की सुरक्षा और आग से बचाव के प्रति जागरूक करना था, जिसमें कुल आठ वन समितियों ने भाग लिया।

जागरूकता फैलाने के लिए पूरे मैदान पर वनों को आग से बचाने संबंधी पोस्टर और बैनर लगाए गए थे। इन पर 'वनों की आग बचाने में सहयोग करें' और 'महुआ के पेड़ों के नीचे सफाई के दौरान आग न लगे' जैसे महत्वपूर्ण संदेश लिखे गए थे।

टूर्नामेंट के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले मंगलवार दोपहर को खेले गए। फाइनल मुकाबला सदालपुर और बन्नी जागीर समिति के बीच खेला गया।

टॉस जीतकर सदालपुर समिति ने पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी बन्नी जागीर की टीम ने 6 ओवर में 75 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में सदालपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 ओवर में केवल दो विकेट गंवाकर यह मैच और टूर्नामेंट जीत लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रायसेन वन मंडल अधिकारी (DFO) प्रतिभा शुक्ला ने विजेता और उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

मैच के समापन के बाद, सभी खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों को वनों को आग से बचाने तथा आग लगने की स्थिति में वन विभाग का सहयोग करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान रेंजर प्रवेश पाटीदार, वनकर्मी और विभिन्न समितियों के सदस्य भी मौजूद रहे।