नरवाई जलाई तो जमीन होगी बेजान! विधायक मीणा ने किसानों को दिलाई शपथ, बांटे उन्नत बीज
किसानों को उन्नत बीज बांटे, विधायक ने दिलाई नरवाई नहीं जलाने की शपथ
रबी सीजन में गेहूं, चना, मसूर और सरसों की उन्नत किस्में अपनाने पर जोर, कृषि योजनाओं की पुस्तक का विमोचन
शमशाबाद, नटेरन। खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से नटेरन में उन्नत बीज मिनीकिट वितरण एवं कृषक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। अनुविभागीय कार्यालय परिसर में हुए कार्यक्रम में शमशाबाद विधायक सूर्यप्रकाश मीणा ने पात्र किसानों को मसूर के उन्नत बीज मिनीकिट वितरित किए। साथ ही सैकड़ों किसानों को नरवाई नहीं जलाने की शपथ दिलाई। विधायक ने कहा कि किसान उन्नत बीज, संतुलित बीज दर और वैज्ञानिक खेती अपनाकर उत्पादन बढ़ा सकते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक मीणा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को रबी सीजन की कार्ययोजना और आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी दी।
उन्नत बीज अपनाएं, खेती को बनाएं लाभ का धंधा
कृषक संवाद में विधायक सूर्यप्रकाश मीणा ने अपने खेती के अनुभव साझा करते हुए किसानों से कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही गेहूं, चना, सरसों और मसूर की उन्नत किस्मों के बीज अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सही बीज का चयन, उचित बीज दर और फसलों के बीच निर्धारित दूरी रखने से बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम में एमपी किसान पोर्टल पर पंजीयन के आधार पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के पात्र किसानों को मसूर के उन्नत बीज मिनीकिट वितरित किए गए।
नरवाई जलाई तो जमीन की उर्वरा शक्ति को नुकसान
कार्यक्रम में नरवाई प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया। विधायक ने किसानों को फसल अवशेषों में आग नहीं लगाने की सामूहिक शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने से पर्यावरण के साथ खेत की मिट्टी को भी नुकसान पहुंचता है। किसान रोटावेटर और स्ट्रा-रीपर जैसे कृषि यंत्रों की मदद से फसल अवशेषों का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करें। इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बचाने और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी।
कृषि योजनाओं की पुस्तक का विमोचन
इस अवसर पर विधायक मीणा ने विकासखंड नटेरन में कृषि विभाग की योजनाओं से संबंधित पुस्तक का विमोचन किया। विकासखंड तकनीकी प्रबंधक नरेंद्र सिंह रघुवंशी ने रबी सीजन की कार्ययोजना की जानकारी देते हुए अल नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए तकनीकी कृषि पद्धतियां अपनाने पर जोर दिया।
जनपद पंचायत नटेरन के अध्यक्ष प्रतिनिधि यशपाल सिंह रघुवंशी ने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेने और उनमें सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में कृषि स्थाई समिति अध्यक्ष कुंवर गजेंद्र सिंह राजपूत ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सरपंच निरंजन सिंह, जनपद सदस्य अंशुल शर्मा, मंडल अध्यक्ष संग्राम सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष सचिन तिवारी, महामंत्री संजय चौकसे, जिला कार्यकारिणी सदस्य रघुवीर सिंह, जनपद सदस्य दिमान सिंह मीणा, सरपंच संदीप सिंह, जिला कार्यकारिणी सदस्य शैलेंद्र सिंह एवं दातार सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
Continue With Google