राशन विक्रेताओं ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
पलेरा। तहसील पलेरा क्षेत्र के राशन विक्रेताओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार पलेरा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राशन विक्रेताओं ने खाद्यान्न वितरण पर कमीशन बढ़ाने, आर्थिक सुरक्षा देने और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने सहित पांच सूत्रीय मांगें रखीं।
राशन विक्रेताओं की मांग है कि खाद्यान्न वितरण पर मिलने वाला कमीशन बढ़ाकर 200 रुपए प्रति क्विंटल किया जाए। साथ ही शहरी एवं ग्रामीण राशन विक्रेताओं को 40 हजार रुपए प्रतिमाह आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
विक्रेताओं ने परिवहन एवं तौल के दौरान होने वाली घटत तथा नुकसान की भरपाई के लिए प्रति क्विंटल एक किलो की छूट देने की मांग की। इसके अलावा हर माह का कमीशन अगले महीने की 5 तारीख तक भुगतान किए जाने की मांग रखी गई।
ज्ञापन में सेवा सहकारी समितियों एवं वन समितियों को शासन स्तर से निर्देश जारी कर राशन विक्रेताओं को समय पर भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग भी शामिल है।
राशन विक्रेताओं ने कहा कि कमीशन कम होने और भुगतान में देरी के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने शासन से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। अगर मांगे नहीं मानी गई तो 1 अक्टूबर से सभी राशन विक्रेता हड़ताल पर रहेंगे ज्ञापन के दौरान गीता देवी माहव, पार्वती राशन विक्रेता, अभिलाषा यादव, किशोरी, रीनू यादव सहित अन्य राशन विक्रेता मौजूद रहे।
Continue With Google