सेवा निवृत्ति ठहराव नहीं, कार्यक्षेत्र के मुक्त आकाश का नया द्वार है : महेन्द्र गुप्ता
34 वर्ष की सेवा के बाद पंचायत सचिव महेन्द्र गुप्ता सेवानिवृत्त, सम्मान समारोह में सहायक यंत्री ज्योति सिंह डामोर को भी दी विदाई
कट्ठीवाड़ा। प्रेम गुप्ता
सेवा निवृत्ति जीवन में ठहराव नहीं, बल्कि अपने अनुभवों, सपनों और रुचियों को नए अंदाज में जीने का अवसर है। यह कार्यक्षेत्र के मुक्त आकाश में नई उड़ान भरने का एक नया द्वार है। सेवाकाल के दौरान अर्जित अनुभव जीवन की ऐसी पूंजी है, जिसका उपयोग व्यक्ति आगे भी समाज और अपने आसपास के लोगों के हित में कर सकता है। यह बात पंचायत सचिव महेन्द्र गुप्ता ने अपने सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह के दौरान कही। इस अवसर पर प्रभारी सीईओ और तहसीलदार सुनील डावर भी उपस्थित थे.
सोमेश् पूरा स्थित मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मवड़ी के पंचायत सचिव महेन्द्र गुप्ता के 34 वर्ष के सेवाकाल पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर पंचायत सचिव संगठन द्वारा शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना के साथ हुई। इसके बाद पंचायत सचिव संगठन के पदाधिकारियों, सहकर्मियों एवं उपस्थित अतिथियों ने महेन्द्र गुप्ता के लंबे सेवाकाल को याद करते हुए उनके कार्य, व्यवहार और सहयोग की सराहना की।
संगठन अध्यक्ष धन सिंह तोमर ने कहा कि महेन्द्र गुप्ता अपने सहज, व्यवहारिक एवं मिलनसार व्यक्तित्व के कारण सभी के बीच लोकप्रिय रहे। उन्होंने लंबे समय तक पंचायत स्तर पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सहकर्मियों एवं ग्रामीणों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखा।
शहीद शेख, प्रकाश तोमर और शिवराज सिंह जादव, सरफराज खान सहित अन्य वक्ताओं ने भी महेन्द्र गुप्ता के साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए और उनके सेवाकाल को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि पंचायत सचिव की जिम्मेदारी केवल कार्यालयीन कार्यों तक सीमित नहीं होती, बल्कि ग्रामीणों और शासन-प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में भी कार्य करना होता है।
सहायक यंत्री ज्योति सिंह डामोर को विदाई, बृजेंद्र कुशवाह का स्वागत
इसी कार्यक्रम के दौरान सहायक यंत्री ज्योति सिंह डामोर के स्थानांतरण पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नवागत सहायक यंत्री बृजेंद्र कुशवाह का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ज्योति सिंह डामोर के कार्यकाल को याद करते हुए उनके सहयोग और कार्यशैली की सराहना की तथा उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं नवागत सहायक यंत्री बृजेंद्र कुशवाह का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ लेखापाल कांतिलाल मावी, सलीम चंदेरी, नंदकिशोर तोमर, नरेंद्र वाणी, रमेश भूरिया, इकबाल शेख, सरपंच दिलू बामनिया, करेली मवड़ी के सरपंच गमा वरचंद परमार सहित कट्ठीवाड़ा ब्लॉक से आए अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में एक ओर 34 वर्षों की सेवा पूर्ण कर रहे महेन्द्र गुप्ता को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई, वहीं दूसरी ओर स्थानांतरित सहायक यंत्री ज्योति सिंह डामोर को विदाई और नवागत सहायक यंत्री बृजेंद्र कुशवाह का स्वागत कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम का संचालन, रेहान अली ने किया। समारोह में पंचायत सचिव संगठन के सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।
Continue With Google