कुक्षी के सुतार मोहल्ला में सनसनीखेज वारदात : तेज रफ्तार कार चालक ने पैदल जा रहे पिता-पुत्र को मारी टक्कर, बोनट पर घसीटते हुए ले गया 4 किलोमीटर दूर

धार। कुक्षी के सुतार मोहल्ला क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पहले पैदल जा रहे एक बुजुर्ग को टक्कर मारी और विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से पिता-पुत्र को कार के बोनट पर करीब 4 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। पुलिस ने इस मामले में गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी बाबूलाल निवासी सिर्वी मोहल्ला, खेती-किसानी का काम करते हैं। घटना 21 अक्टूबर की शाम करीब 8 बजे की है। बाबूलाल पैदल ही कॉलोनी के पास अपने खेत की तरफ जा रहे थे। जब वे वार्ड क्रमांक 02 की मुख्य रोड सुतार मोहल्ला पहुँचे, तो कॉलोनी की तरफ से आ रही कार क्रमांक MP13-ZL-8063 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।

विवाद बढ़ने पर दिया खौफनाक अंजाम
टक्कर लगने के बाद जब बाबूलाल ने चालक से ठीक से गाड़ी चलाने को कहा, तो आरोपी कार से नीचे उतरा और उनके साथ मारपीट करने लगा। इतने में बाबूलाल का बेटा भारत (भी मौके पर पहुँच गया। जब भारत ने आरोपी की हरकत का फोटो खींचने की कोशिश की, तो गुस्साए चालक ने गाड़ी को फुल रेस में आगे बढ़ा दिया। जान से मारने की नीयत से मारी गई इस टक्कर से पिता और पुत्र दोनों कार के बोनट पर जा गिरे। इसके बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और उन्हें बोनट पर ही घसीटते हुए करीब 4 किलोमीटर तक आगे ले गया। पीड़ित लगातार चिल्लाकर गाड़ी रोकने की गुहार लगाते रहे, लेकिन चालक अनसुना करता रहा। रास्ते में पीड़ित के मोहल्ले के रहने वाले धर्मेंद्र पिता ओंकारजी काग, जयदीप गुंजाल और अन्य कई लोग पीछे से आए और उन्होंने लोनी फाटा के पास कार को रुकवाकर किसी तरह दोनों की जान बचाई।

घटना में बुजुर्ग बाबूलाल के सीधे हाथ की उंगलियों, पंजे, सीधे पैर के घुटने और पसलियों में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं उनके बेटे भारत के दाहिने हाथ की कलाई, पहली उंगली और बाएं घुटने पर चोटें लगी हैं। घटना के बाद घायलों ने थाने पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।