आगर मालवा। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय SAFE CLICK-2.0 (सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन) अभियान का भव्य समापन मंगलवार को मधुबन गार्डन, आगर मालवा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कलेक्टर प्रीति यादव रहीं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा (आगर), एसडीओपी देवनारायण यादव (सुसनेर), जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, यूट्यूब क्रिएटर्स, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंच संचालन सहायक उप निरीक्षक संतोष खजुरिया ने गरिमामय एवं प्रभावी ढंग से किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर प्रीति यादव ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने अभियान के माध्यम से जिलेभर में चलाए गए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक सतर्क और जागरूक रहेगा तो साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों एवं युवाओं से स्वयं जागरूक बनने तथा अपने परिवार और समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने बताया कि SAFE CLICK-2.0 अभियान के दौरान जिला पुलिस द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, बाजारों, धार्मिक स्थलों, स्वास्थ्य संस्थानों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। साइबर चौपाल, नुक्कड़ नाटक, क्विज प्रतियोगिताएं, जनसंवाद, सोशल मीडिया अभियान, लघु फिल्म प्रतियोगिता तथा विभिन्न नवाचार आधारित गतिविधियों के माध्यम से हजारों लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही साइबर अपराधों के विरुद्ध सबसे मजबूत सुरक्षा कवच है और जिला पुलिस भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियान निरंतर चलाती रहेगी।

कलेक्टर प्रीति यादव के निर्देशानुसार कार्यक्रम से पूर्व सुबह 11 बजे जिला शिक्षा अधिकारी नितेश पांडेय के सहयोग से जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थानों में एक साथ साइबर सुरक्षा शपथ दिलाई गई। इस दौरान लगभग 25 हजार विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने साइबर अपराधों से बचाव तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया। यह अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल रहा।

समारोह के दौरान साइबर क्विज प्रतियोगिता, साइबर जागरूकता लघु फिल्म प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने वाले पत्रकारों, यूट्यूबर्स, इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स, विद्यालयों, छात्र-छात्राओं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण आरक्षक रवि राठौर द्वारा प्रस्तुत साइबर सुरक्षा पर आधारित स्वरचित प्रेरणादायी गीत रहा। उनके गीत ने उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का प्रभावी संदेश दिया।

समारोह के अंत में एसडीओपी आगर मोतीलाल कुशवाहा ने आभार व्यक्त करते हुए मुख्य अतिथि कलेक्टर प्रीति यादव, पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, समस्त अतिथियों, पत्रकारों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, शिक्षा विभाग, सभी शैक्षणिक संस्थानों, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों एवं अभियान में सहयोग करने वाले सभी नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने जिला साइबर टीम की उप निरीक्षक राखी गुर्जर, प्रधान आरक्षक सुब्रतो शर्मा, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सिंह तथा आरक्षक रवि दोहरे के समर्पित प्रयासों और नवाचार आधारित गतिविधियों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक परिश्रम से SAFE CLICK-2.0 अभियान जिलेभर में प्रभावी एवं सफलतापूर्वक संचालित हुआ। उन्होंने सभी नागरिकों से साइबर सुरक्षा के इस जन-जागरूकता अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।