रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाते हुए फोटो साभार PIB
मध्यप्रदेश के विंध्य क्षेत्र में 24 अक्टूबर को सतना-देवेंद्रनगर और रीवा-चुरहट रेल खंड का लोकार्पण हुआ। इसी मौके पर देवेंद्रनगर-चुरहट नई पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में दोनों खंड राष्ट्र को समर्पित किए गए। रेल मंत्रालय के मुताबिक ये दोनों खंड ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना के तहत शुरू हुए हैं।
चुरहट और नागौद स्टेशन पर हुए कार्यक्रम
चुरहट रेलवे स्टेशन पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा और सीधी सांसद राजेश मिश्रा मौजूद रहे। नागौद रेलवे स्टेशन के कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सतना सांसद गणेश सिंह और खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा शामिल हुए।
1,070 करोड़ की लाइन से सीधी जुड़ा रेल नेटवर्क से
रीवा से चुरहट तक करीब 65 किमी की नई लाइन करीब ₹1,070 करोड़ में बनी है। रामपुर नैकिन से चुरहट के बीच आखिरी करीब 22.5 किमी हिस्सा पूरा होने के साथ यह परियोजना पूरी हुई। अब सीधी जिले के लोग राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जुड़ सकेंगे।
रेल मंत्रालय के अनुसार क्षेत्र में चूना पत्थर और दूसरे खनिज हैं और सीमेंट उद्योग की संभावना है, इसलिए रेल से माल ढुलाई और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
ग्राफिक से समझिए, दोनों खंडों की लंबाई और लागत…

सतना-देवेंद्रनगर लाइन 873 करोड़ में बनी
सतना से देवेंद्रनगर तक करीब 53 किमी की नई लाइन करीब ₹873 करोड़ में बनी है। फुलवारी से देवेंद्रनगर के बीच आखिरी 8 किमी हिस्सा पूरा होने के साथ यह काम पूरा हुआ। इससे सीमेंट, क्लिंकर और दूसरे सामान की ढुलाई आसान होगी और सड़क पर निर्भरता घटेगी। देवेंद्रनगर, नागौद और पन्ना क्षेत्र के किसानों और ग्रामीण व्यापारियों को बड़े बाजार तक पहुंच मिलेगी।

रेल मंत्री बोले, विंध्य और बुंदेलखंड को नई लाइफलाइन
रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी विंध्य और बुंदेलखंड के लिए नई लाइफलाइन बना रही है और इससे लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब ₹1 लाख करोड़ की रेल परियोजनाएं चल रही हैं।
“मध्य प्रदेश में, करीब-करीब एक लाख करोड़ के प्रोजेक्ट चल रहे हैं”
अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय रेल मंत्री
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने पर आने वाले वर्षों में 100 से ज्यादा लंबी दूरी की ट्रेनें और 50 से 60 कम दूरी की MEMU और इंटरसिटी जैसी ट्रेनें शुरू हो सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया दिवाली का तोहफा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे क्षेत्र के लोगों के लिए दिवाली का तोहफा बताया। उन्होंने कहा कि 541 किमी लंबी ललितपुर-सिंगरौली परियोजना से ललितपुर, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली क्षेत्र को फायदा होगा और पन्ना के हीरा कारोबार को भी बल मिलेगा।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
देवेंद्रनगर-चुरहट पैसेंजर ट्रेन किस रास्ते से चलेगी?
रेल मंत्रालय के मुताबिक यह ट्रेन सतना और रीवा होकर देवेंद्रनगर और चुरहट को जोड़ेगी।
रीवा-चुरहट रेल लाइन कितनी लंबी है?
यह लाइन करीब 65 किमी लंबी है और करीब ₹1,070 करोड़ में बनी है।
सतना-देवेंद्रनगर रेल लाइन की लागत कितनी है?
करीब 53 किमी की यह लाइन करीब ₹873 करोड़ में बनी है।
स्रोत PIB
Continue With Google