लहार (भिंड)। जिले के लहार अंतर्गत ग्राम मसेरन निवासी आदरणीय हिम्मत सिंह कुशवाह जी के परिवार की मदद के लिए माँ सावित्रीबाई फुले शिक्षा एवं समाज सुधार संघ, ग्वालियर (म.प्र.) के साथी आगे आए हैं। ग्वालियर के संगठन के साथियों ने तन-मन-धन से सामूहिक सहयोग कर पीड़ित परिवार को ₹11,000 की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की है। आर्थिक मदद के साथ-साथ परिवार को खाद्य सामग्री (राशन) और बच्चों की पढ़ाई के लिए शिक्षण सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

इस सेवा कार्य के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने बताया कि हिम्मत सिंह जी के परिवार को स्थाई राहत दिलाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत उनका दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनवाने में आवश्यक सहयोग किया जाएगा। साथ ही, बच्चों के आधार कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनवाने और उन्हें शासन की सभी पात्र व कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संगठन पूरी निष्ठा से काम करेगा।

इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित प्रांतीय कुशवाह समाज भिण्ड के जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह कुशवाह जी ने ग्वालियर के साथियों के इस मानवीय कदम की सराहना की। इस मौके पर भानु प्रताप सिंह उर्फ राकेश सर (अड़ोखर), मानसिंह कुशवाह जी (चकगुंधारा), अवधेश कुशवाह जी (असोई पिपाहड़ा), बालकिशन कुशवाह जी (मन्नू सिंह का पुरा), अमित कुशवाह जी (रमना) एवं मोनू कुशवाह जी (एनजीओ, धौलपुर) सहित अन्य स्थानीय साथी उपस्थित रहे।

माँ सावित्रीबाई फुले शिक्षा एवं समाज सुधार संघ, ग्वालियर ने इस पुनीत कार्य में सहयोग देने वाले सभी प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष साथियों का आभार जताया है और 'सहयोग, शिक्षा, सेवा, सामाजिक न्याय' के संकल्प को दोहराया है।

संवाददाता रामपाल कुशवाह