शहडोल में मदिरा दुकान पर मनमानी का आरोप, उपभोक्ताओं में नाराजगी
शहडोल। शहर के जेल बिल्डिंग के बगल में स्थित मदिरा दुकान क्रमांक-2 को लेकर उपभोक्ताओं द्वारा गंभीर शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान पर शराब निर्धारित एवं उचित मूल्य से अधिक दरों पर बेची जा रही है। इसके साथ ही दुकान परिसर में न तो किसी प्रकार की मूल्य सूची (रेट लिस्ट) प्रदर्शित की गई है और न ही ऐसा कोई क्यूआर कोड या सूचना बोर्ड लगाया गया है, जिससे ग्राहक शराब की वास्तविक कीमत की जानकारी प्राप्त कर सकें।
ग्राहकों का कहना है कि जब वे किसी मदिरा के मूल्य के संबंध में जानकारी मांगते हैं या निर्धारित दर पर बिक्री की बात करते हैं, तो दुकान के कर्मचारी संतोषजनक जवाब देने के बजाय अभद्र व्यवहार करते हैं। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों द्वारा साफ तौर पर कहा जाता है कि "अगर लेना है तो लो, नहीं तो मत लो, हमारा रेट यही है।" इस तरह का रवैया उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन होने के साथ-साथ शासन द्वारा निर्धारित नियमों पर भी सवाल खड़े करता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दुकान संचालित हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन आज तक वहां मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं की गई है। ऐसे में ग्राहकों को यह पता ही नहीं चल पाता कि उनसे वसूली जा रही राशि वास्तविक है या नहीं। इससे मनमाने तरीके से अधिक कीमत वसूलने की आशंका और भी बढ़ जाती है।
नागरिकों ने जिला प्रशासन, आबकारी विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दुकान पर मूल्य सूची एवं क्यूआर कोड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराया जाए तथा यदि निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर शराब बेची जा रही है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उपभोक्ताओं का कहना है कि शासन के नियमों का पालन सुनिश्चित कर आम जनता को राहत दिलाई जाए और मदिरा दुकानों में पारदर्शिता स्थापित की जाए।
रिपोर्ट: दीपेंद्र सिंह बघेल, स्टेट न्यूज़, शहडोल

Continue With Google
Comments (0)