शमशाबाद मंडी में सोयाबीन की बंपर आवक, रोज 4 से 5 हजार क्विंटल पहुंच रही उपज; सुबह से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतार
शमशाबाद। सोयाबीन की फसल तैयार होने के साथ ही शमशाबाद कृषि उपज मंडी में आवक ने रफ्तार पकड़ ली है। इन दिनों मंडी में रोजाना करीब 4 हजार से 5 हजार क्विंटल सोयाबीन की आवक हो रही है। बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में उपज लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। सुबह होते ही मंडी परिसर और आसपास के रास्तों पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतार नजर आने लगती है।
मंडी में उपज लेकर पहुंचने वाले किसानों की भीड़ के चलते दिनभर चहल-पहल बनी रहती है। किसान अपनी सोयाबीन की उपज लेकर नीलामी प्रक्रिया में शामिल हो रहे हैं। वर्तमान में सोयाबीन के भाव में भी अच्छा अंतर देखने को मिल रहा है। मंडी में न्यूनतम भाव करीब 4800 रुपए और अधिकतम भाव 6800 रुपए प्रति क्विंटल तक दर्ज किया जा रहा है।
भाव अच्छे मिलने की उम्मीद, मंडी में बढ़ी रौनक
किसानों का कहना है कि इस बार सोयाबीन के अच्छे भाव मिलने की उम्मीद है। मंडी में लगातार बढ़ रही आवक से व्यापारियों और हम्मालों की गतिविधियां भी बढ़ गई हैं। सुबह से शाम तक मंडी परिसर में उपज की तुलाई, नीलामी और परिवहन का सिलसिला चलता रहता है।
आवक बढ़ने के साथ मंडी प्रबंधन के सामने भी व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती है। किसानों की संख्या और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पार्किंग, नीलामी और उपज खाली कराने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में सोयाबीन की आवक और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
Continue With Google