नवोदय विद्यालय शमशाबाद में देशभर की प्रतिभाओं का संगम, चित्रों में उकेरा विकसित भारत-2047 का सपना

10 संभागों की चुनी हुई 30 कलाकृतियों की लगी प्रदर्शनी, विधायक सूर्यप्रकाश मीणा बोले- नवोदय विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का बेहतरीन मंच

शमशाबाद। रंगों और कल्पनाओं के जरिए देश के विकास की तस्वीर उकेरते विद्यार्थियों की प्रतिभा मंगलवार को शमशाबाद में देखने को मिली। पी.एम.श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्र स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें देशभर के 10 संभागों से चयनित विद्यार्थियों की 30 श्रेष्ठ कलाकृतियों के जरिए बीते 25 वर्षों के सेवा एवं विकास कार्यों और विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शमशाबाद विधायक एवं मप्र शासन के पूर्व मंत्री सूर्यप्रकाश मीणा ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए नवोदय विद्यालयों को सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का बेहतरीन मंच बताया।

भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत नवोदय विद्यालय समिति द्वारा 13 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस प्रदर्शनी में चंडीगढ़, भोपाल, लखनऊ, जयपुर, अहमदाबाद, शिलांग, हैदराबाद, पुणे, पटना और भुवनेश्वर संभागों से चयनित तीन-तीन श्रेष्ठ प्रस्तुतियां प्रदर्शित की गईं। इन कलाकृतियों में विद्यार्थियों ने देश की विकास यात्रा, सेवा कार्यों और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की कल्पना को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों का तिलक लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर पारंपरिक स्वागत किया। विद्यालय के प्राचार्य एवं नवोदय विद्यालय समिति के क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार ने स्वागत उद्बोधन में आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की।

विधायक बोले- विकसित भारत की तस्वीर गढ़ रही युवा पीढ़ी

मुख्य अतिथि विधायक सूर्यप्रकाश मीणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिता विद्यार्थियों को देश की विकास यात्रा से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है। विद्यार्थियों ने अपनी चित्रकलाओं के माध्यम से बीते 25 वर्षों में हुए सेवा एवं विकास कार्यों और विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को प्रभावी ढंग से उकेरा है। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ रचनात्मकता, प्रतिभा और बहुआयामी व्यक्तित्व विकसित करने का बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं।

पूर्व नवोदय विद्यार्थी ने भी साझा किए विचार

विशिष्ट अतिथि वन मंडलाधिकारी एवं आईएफएस अधिकारी हेमंत यादव, जो स्वयं नवोदय विद्यालय दमोह के पूर्व विद्यार्थी हैं, ने कहा कि नवोदय विद्यालय जिले की नोडल संस्थाओं के रूप में विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करते हैं। यहां विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं।

कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी हेमंत प्रताप सिंह और अनुविभागीय दंडाधिकारी एवं प्रबंधन समिति के नामित अध्यक्ष अजय कुमार पाठक गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में उपस्थित रहे।

विशेषज्ञों ने किया कलाकृतियों का मूल्यांकन

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अटल बिहारी हिंदी विश्वविद्यालय भोपाल के कला प्राध्यापक डॉ. अमित सोनी, पी.एम.श्री स्कूल बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शमशाबाद के प्राचार्य आशीष सक्सेना और भोपाल के स्वतंत्र चित्रकार संतोष कुमार शामिल रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की कलात्मक अभिव्यक्ति और विषय आधारित प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।

जनप्रतिनिधि और विद्यालय परिवार रहा मौजूद

कार्यक्रम में थाना प्रभारी शमशाबाद आशुतोष सिंह राजपूत, नवोदय विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी एवं थाना प्रभारी नटेरन वीरेंद्र अहिरवार, प्रेस क्लब अध्यक्ष चैन सिंह मीना, समाजसेवी एवं मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सिंह धाकड़, नहराई ग्राम पंचायत के सरपंच धर्मेंद्र यादव और बमौरी ग्राम पंचायत के सरपंच रामस्वरूप धाकड़ सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के सीसीए मीडिया प्रभारी एवं स्नातकोत्तर अंग्रेजी शिक्षक मनोज कुमार वर्मा ने किया। आभार प्रदर्शन उपप्राचार्य मनीष दत्त मिश्रा ने किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों को श्रीफल, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

पूरे आयोजन का संचालन नवोदय विद्यालय समिति क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल की उपायुक्त विधु बाजपेयी, सहायक आयुक्त अशोक कुमार त्रिपाठी और संकुल प्रभारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त विद्यार्थी और कर्मचारी उपस्थित रहे।