*सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रम विभाग के सचिव श्री रघुराज एम राजेंद्रन ने तखा आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण माह की गतिविधियों की ली जानकारी* *बच्चों को फल, मिठाई एवं खिलौने किए वितरित* *टीकमगढ़, 17 सितंबर 2026/* सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रम विभाग के सचिव श्री रघुराज एम राजेंद्रन ने आज तखा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पोषण माह के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली तथा बच्चों और महिलाओं के लिए संचालित पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की। सचिव श्री राजेंद्रन ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका से शिशु को छह माह तक केवल स्तनपान कराने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक महिलाओं को छह माह तक शिशु को स्तनपान कराने के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर श्री राजेंद्रन ने आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों को फल, मिठाई एवं खिलौने वितरित किए। बच्चों द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुति दी गई। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद भी किया और आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र को सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं के बेहतर उपयोग तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस अवसर पर कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय, सीईओ जिला पंचायत विशाल धाकड़, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटोरिया, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती शुभ्रता त्रिपाठी, महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी ऊदल सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।