खकनार
सोमवार को भी चली तेज आंधी, केला फसल और सोलर प्लांट को नुकसान
खकनार। क्षेत्र में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। सोमवार को चली तेज आंधी ने किसानों और उद्योगों की चिंताएं बढ़ा दीं। तेज हवाओं के कारण जहां कई स्थानों पर केला फसल को नुकसान पहुंचा, वहीं खकनार स्थित शिवांश सोलर पावर प्लांट में भी सोलर प्लेटें हवा के दबाव से उखड़कर क्षतिग्रस्त हो गईं।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम 6 बजे अचानक तेज आंधी चलने लगी, जिससे खेतों में खड़ी केला फसल प्रभावित हुई। कई किसानों ने बताया कि तेज हवा के कारण केले के पौधे झुक गए तथा कुछ स्थानों पर पौधे टूटने से उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका है।
वहीं खकनार स्थित शिवांश सोलर पावर प्लांट में तेज हवाओं के चलते कुछ सोलर प्लेटें अपनी जगह से उखड़ गईं, जिससे प्लांट को आर्थिक नुकसान हुआ है। प्लांट प्रबंधन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि रविवार को भी क्षेत्र में चली तेज हवा और खराब मौसम के कारण केला उत्पादक किसानों को भारी नुकसान हुआ था। लगातार दूसरे दिन आंधी चलने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।