देवास। प्रसिद्ध माता टेकरी पर शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग सबसे पहले ऊपरी हिस्से 'दमदमा' क्षेत्र में भड़की, जो तेज हवा और सूखी घास के कारण तेजी से बड़ी माता मंदिर के ऊपरी हिस्से और परिक्रमा मार्ग तक फैल गई। इस घटना में वहां लगे सोलर पैनलों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।

मानव श्रृंखला बनाकर बुझाई आग: बिजली गुल होने से वाटर पाइपलाइन बंद हो गई थी। ऐसे में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने आपदा के समय मिसाल पेश करते हुए मानव श्रृंखला (Human Chain) बनाई और डिब्बों व कैन के जरिए पानी पहुंचाकर आग बुझाने में मदद की।

प्रशासन रहा मुस्तैद: सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और निजी कंपनियों की फायर ब्रिगेड ने मोर्चा संभाला। मौके पर जयवीर सिंह भदौरिया और तहसीलदार सपना शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद खड़े होकर राहत कार्य की निगरानी की।

श्रद्धालु सुरक्षित: आग लगते ही टेकरी पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। एहतियात के तौर पर शाम साढ़े पांच बजे तक श्रद्धालुओं के ऊपर जाने पर रोक लगा दी गई थी।