तवानगर के रिहायशी इलाके में बाघ-तेंदुए की दस्तक, ग्रामीणों में दहशत

नर्मदापुरम। वन क्षेत्र तवानगर में पिछले दो दिनों से बाघ और तेंदुए की लगातार गतिविधियां सामने आने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। वन्य जीवों के रिहायशी क्षेत्र के करीब पहुंचने से लोगों ने सतर्कता बढ़ा दी है।

बुधवार रात करीब 8 बजे काम से लौट रहे प्रदीप बारस्कर ने बताया कि चीचा-28 गांव के मोड़ के पास उन्हें सड़क किनारे बाघ दिखाई दिया। उनके अनुसार कुछ दूरी तक बाघ उनकी बाइक के समानांतर चलता रहा, जिससे वे घबरा गए और सावधानी से वहां से निकले।

इसी बीच गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जीरो प्वाइंट के पास शकुन बाई को तेंदुआ दिखाई दिया। वहीं, पिपरिया निवासी एक युवक ने भी बुधवार को तेंदुए के दिखाई देने की जानकारी दी।

ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार सुबह फॉरेस्ट प्लांटेशन के कहार मोहल्ला क्षेत्र के पास जंगल की ओर जा रही महिलाओं को भी बाघ नजर आया। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद तवानगर और आसपास के वनग्रामों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि वन्य जीव बार-बार रिहायशी इलाकों की ओर आ रहे हैं, जिससे जनहानि की आशंका बनी हुई है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने, निगरानी करने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।